इंग्लैंड को हराकर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने एक नया कीर्तिमान रच दिया है।

भारत ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए तीसरे निणार्यक ट्वेंटी-20 मुकाबले में बुधवार को इंग्लैंड को 75 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। और इसी के साथ विराट कोहली भारत के ऐसे पहले कप्तान बन गए हैं जिन्होंने कप्तानी संभालते ही तीनों फार्मेट की सीरीजों पर कब्जा जमाया है।

विराट की कप्तानी में भारत ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 4-0 और वनडे सीरीज 2-1 से जीतने के बाद ट्वेंटी-20 सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया है।

भारत ने इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ कोई भी ट्वेंटी-20 सीरीज नहीं जीती थी। दोनों टीमों के बीच इसके पहले चार ट्वेंटी-20 सीरीज में तीन सीरीज इंग्लैंड ने जीती थी जबकि एक सीरीज ड्रॉ रही थी।

इस जीत के साथ विराट की कप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ ट्वेंटी-20 सीरीज में पहली जीत का नया रिकॉर्ड भी जुड़ गया है।

इस जीत के हीरो रहे लेग स्पिनर यजुवेंद्र चहल पूरे देश की नजरों में हीरो बनकर उभरे हैं मैच जीतने के बाद यजुवेंद्र चहल ने कहा उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह कभी 6 विकेट ले पाएंगे.

उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उन्होंने यह कारनामा बंगलुरु के मैदान पर किया है, यहां खेल कर उन्हें घर जैसा लगता है.

चहल आईपीएल में बंगलुरु टीम के लिए खेलते हैं. यजुवेंद्र चहल ने कहा कि वह पहले भी आईपीएल में पावरप्ले में गेंदबाजी करते आएं है, कप्तान कोहली ने मुझमें विश्वास दिखाया यही कारण था कि मैं शुरुआती 6 ओवर में भी गेंदबाजी कर पाया. बंगलुरु टी-20 में यजुवेंद्र चहल ने 25 रन देकर 6 विकेट लिए थे।

चहल अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में एक पारी में 5 से ज्यादा विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज हैं. वहीं श्रीलंकाई गेंदबाज अंजता मेंडिस के बाद चहल दूसरे गेंदबाज हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में एक पारी में 6 विकेट लिए हैं।