युवकों के लिए कुछ घरेलू टिप्स
युवकों के लिए कुछ घरेलू टिप्स
एक समय था जब शादी/विवाह के अवसर पर सिर्फ दुल्हन ही सजा करती थी, लेकिन आज युवक भी अपनी शादी में सबसे सुन्दर दिखना चाहते हैं। दूल्हे के लिए ब्यूटी पार्लर या मेकअप का तो कोई विशेष महत्व नहीं होता, लेकिन फिर भी वह अपने चेहरे को सुन्दर और दागरहित बनाना चाहता है। यही कारण है कि बाजार ने युवकों के लिए कई तरह के प्रोडक्ट उतार दिए हैं, फिर भी बाजार से दूर घरेलू उपायों को भी लड़के आजमा रहे हैं। पेश हैं कुछ घरेलू टिप्स, खास युवकों के लिए :
चेहरे पर उबटन मलना
दो चम्मच मसूर की पिसी हुई दाल को एक चम्मच बेसन के साथ रात में भिगो कर रख लें। सुबह उठकर इससे उबटन करें। त्वचा के कील मुंहासे साफ करने के साथ ही यह त्वचा में नई जान डाल देगा।
एक चम्मच उड़द की दाल, 4 चम्मच दूध, नींबू का रस 1 चम्मच सरसों का तेल, डेढ़ चम्मच चंद पाउडर और चुटकी भर हल्दी को मिलाकर हाथ पैरों की त्वचा पर लगा लें। सूखने पर उतार दें।
200 ग्राम छिलके उतरी जौ, 100 ग्राम हल्दी, 50 ग्राम खसखस, 50 ग्राम चंदन पाउडर, 50 ग्राम नारियल का तेल और 100 ग्राम केसर लें। अब जौ के दानों को कड़ाही में भून कर बारीक पीस लें। अब इस में बाकी बचा सारा सामान डाल लें। इस मिश्रण को नहाने से पहले दही में मिला कर लगाएं। इसे पूरे शरीर की त्वचा पर लगाएं। इससे त्वचा की रंगत में निखार आएगा और कील, झांइयां सभी से छुटकारा मिलेगा।
त्वचा के लिए
अपने चेहरे और त्वचा के लिए उबटन बना लें। इसमें गेहूं का चोकर, बेसन, दही या दूध की मलाई में एक चुटकी हलदी मिला कर उबटन बना लें। अब इस उबटन को चेहरे और शरीर पर लगा लें। यही काम नहाने से पहले करें।
यह उबटन कई तरह से डेड सेल्स को हटाने का काम करता है और साथ ही त्वचा को स्मूथ बनाता है। शरीर पर तिल के तेल से मसाज करने के बाद इस उबटन को लगाएं और आधे घंटे बाद ठंडे पानी से नहाते हुए धो लें।
आजकल बाजार में मिलने वाले स्क्रबर यही काम करते हैं। लेकिन यह पारंपरिक तरीका उनसे कहीं ज्यादा बेहतर साबित होता है। उबटन के बाद नहाते ही त्वचा पर किसी मॉस्चराइजर को लगाएँ।
शरीर की त्वचा को चमकदार बनाने के लिए तिल के तेल में गुलाबजल डालकर मसाज करें। इससे घुटनों, कोहनी, हाथों और पैरों पर विशेष ध्यान देते हुए मसाज करें। फिर तौलिए को गरम पानी में निचोड़ कर त्वचा के ऊपर अतिरिक्त तेल को हटा दें। कुछ देर बाद नहा लें फिर लोशन का इस्तेमाल करें।
चेहरे को दिन में 2 बार धोएं। सामान्य रूखी त्वचा के लिए आधा कप ठंडा दूध लेकर उस में 5 बूंदें कोई भी वनस्पति तेल डाल लें। इसे बोतल में रखें और अच्छी तरह से हिलाएं। अब दिन में 2 या 3 बार रुई की मदद से चेहरा धो लें।
(इनपुट- साभार देशबन्धु)


