लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद से ही मंत्रिमंडल पर पकड़ न होने के आरोप झेल रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज अपनी कैबिनेट में बड़ा बदलाव करते हुए अपने आठ मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया जबकि नौ मंत्रियों से उनके विभाग छीन लिए गए। छीने गए विभागों का काम खुद सीएम अखिलेश ही देखेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपनी सिफारिश राज्यपाल राम नाइक को भेज दी है। इस कार्रवाई के बाद यूपी के मंत्रिमंडल में अब सिर्फ 46 मंत्री बचे हैं। जिनके विभाग छीने गए हैं, वे अब बिना विभाग के मंत्री होंगे। 31 अक्टूबर को यूपी कैबिनेट में फेरबदल होना है।
इस फेरबदल के जरिए अखिलेश यादव ने इशारों ही इशारों में राजनीतिक संकेत भी दे दिए हैं। एक ओर इकबाल महमूद और महबूब अली के विभाग छीनकर मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली वाले चाचा को कड़ा संदेश दिया है। ये दोनों ही मंत्री मुख्यमंत्री के दिल्ली वाले चाचा के बहुत खास समझे जाते हैं। साथ ही अहमद हसन जैसे वरिष्ठ मंत्री और सरकार को अपने इशारों पर नचाने का गुमान रखने वाले रघुराज प्रताप सिंह के विभाग छीनकर और अंबिका चौधरी जैसे कद्दावर मंत्री को बर्खास्त करके भी अखिलेश ने संदेश दे दिया है कि उन्हें लल्लू न समझा जाए।
इस फेरबदल से सर्वाधिक प्रभावित बलिया जिला हुआ है, जहां के अंबिका चौधरी, नारद राय, और रामगोविंद चौधरी किनारे लगा दिए गए हैं।
इन मंत्रियों में अधिकांश वो मंत्री हैं, जो मुख्यमंत्री को अभी तक बच्चा समझकर व्यवहार करते रहे थे। चर्चा है कि राम गोविन्द चौधरी ने तो मुख्यमंत्री के करीबी एक युवा पदाधिकारी की पत्नी का तबादला करने से यह कहकर इंकार कर दिया था कि मुख्यमंत्री से बात कर लें।
भगवत शरण गंगवार के विषय में चर्चा है कि वे भाजपा से आए थे और उनकी घर वापसी के प्रयास के चर्चे शुरू हो गए थे, इसलिए उन्हें भी छत के नीचे लाया गया है।
चर्चा है कि 2017 के चुनाव की तैयारी के तहत अब अखिलेश यादव अपनी टीम को मजबूत करना चाहते हैं। पुराने घाघ नेता मुख्यमंत्री को भाव नहीं दे रहे थे। पिछले दिनों खुद अखिलेश यादव का बयान मीडिया में तैर रहा था जिसमें उन्होंने कहा था कि लोग समझते हैं मुख्यमंत्री कम उम्र के हैं, इन्हें अपनी तरह से चला लो। हालांकि विधायकों में अभी मुख्यमंत्री की पकड़ कमजोर है, इसलिए क्रमबद्ध तरीके से अखिलेश यादव सधे कदम उठाना चाहते हैं।
जिन मंत्रियों को बर्खास्त किया गया उनके नाम और विभाग-
नाम विभाग
राजा महेंद्र अरिदमन सिंह स्टाम्प और नागरिक सुरक्षा मंत्री
अंबिका चौधरी पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री
शिव कुमार बेरिया वस्त्र और रेशम उद्योग मंत्री
नारद राय खादी और ग्रामोद्योग मंत्री
शिवाकांत ओझा तकनीक शिक्षा मंत्री
आलोक कुमार शाक्य तकनीक शिक्षा राज्य मंत्री
योगेश प्रताप सिंह बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री
भगवत शरण गंगवार सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग और निर्यात प्रोत्साहन विभाग के राज्य मंत्री
किन मंत्रियों से उनका विभाग ले लिया गया उनके नाम और विभाग-
नाम विभाग
अहमद हसन चिकित्सा मंत्री
अवधेश प्रसाद समाज कल्याण मंत्री
पारस नाथ यादव फूड प्रोसेसिंग मंत्री
राम गोविंद चौधरी बेसिक शिक्षा मंत्री
दुर्गा प्रसाद यादव परिवहन मंत्री
ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी होमगार्ड मंत्री
रघुराज प्रताप सिंह खाद्य और रसद विभाग
इकबाल महमूद मछली पालन और पब्लिक एंटरप्राइज मंत्री
महबूब अली माध्यमिक शिक्षा मंत्री