लखनऊ। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) योगी शासन में सहारनपुर समेत प्रदेश में दलितों पर बढ़ते उत्पीड़न, महिलाओं पर हिंसा-बलात्कार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, सांप्रदायिक भेदभाव और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले के खिलाफ गुरुवार (15 जून) को लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में सुबह 11.00 बजे से एकदिवसीय महाधरना आयोजितकरेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य इसके मुख्य वक्ता होंगे। उनका संबोधन दोपहर डेढ़ बजे के आस-पास होगा।

भाकपा (माले) नेता अरुण कुमार ने बताया कि महाधरने में योगी आदित्यनाथ सरकार के 88 दिनों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया जायेगा। वहीं शब्बीरपुर (सहारनपुर) घटना में चंद्रशेखर सहित गिरफ्तार दलितों और लखनऊ में मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने वाले छात्र-छात्राओं को रिहा करने, मीट कारोबारियों को लाइसेंस जारी करने व नए बूचड़खाने खोलने के बावत इलाहाबाद हाईकोर्ट के ताजा आदेश को लागू करने, किसानों के सरकारी-महाजनी सभी कर्जे माफ करने और कृषि पर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने मांग उठाई जायेगी।