लखनऊ २०जून। गाज़ियाबाद में करोड़ों की रक्षा सम्पदा पर भू-माफियाओं द्वारा किये गये कब्जों की जाँच सी. बी.आई.से कराने तथा इसे कब्जा मुक्त कराने हेतु तत्काल कार्यवाही करने की माँग जोर पकड़ती जा रही है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव डॉ. गिरीश ने रक्षा मन्त्री एवम् उत्तर प्रदेश के मुख्यमन्त्री को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि गत दिनों सपा के झण्डे लगे वाहनों में भर कर आये हथियार बन्द लोगों ने गाज़ियाबाद के विजय नगर थाना अन्तर्गत वार्ड -15 स्थित सेना की रायफल रेंज की एक एकड़ से अधिक जमीन पर कब्जा कर लिया और उसके चारों और दीवार खड़ी कर ली।

इस घटना से क्षेत्रीय नागरिक सकते में आ गये और उन्होंने स्थानीय प्रशासन ही नहीं रक्षामन्त्री और प्रदेश के मुख्यमन्त्री तक को शिकायती पत्र भेजे हैं।

भाकपा के सांसद कॉ. गुरुदास दासगुप्त ने भी रक्षामन्त्री को पत्र लिख कर समुचित कार्यवाही की माँग की है। स्थानीय समाचार पत्रों में इस सम्बन्ध में लगातार बड़े-बड़े समाचार प्रकाशित हो रहे हैं। स्थानीय नागरिक आरोप लगा रहे हैं कि करोड़ों रूपये की सम्पत्ति के इस घोटाले में स्थानीय राजस्व विभाग के अधिकारी/कर्मचारी तथा कुछ सैन्य अधिकारी भी लिप्त हैं।

डॉ गिरीश का कहना है कि उक्त जमीन पर आज भी हथियार बन्द लोग कब्जा जमाये बैठे हैं और वे इस प्रकरण का विरोध कर रहे नागरिकों को धमकियाँ दे रहे हैं। भाकपा ने देश हित में और जन हित में माँग की है कि इस बड़े भूमि घोटाले की जाँच सी.बी.आई. से कराई जाये और इसे तत्काल कब्ज़ा मुक्त कराया जाये।