राजनाथ सिंह ने माना, मोदी 800 साल बने पहले हिन्दू शासक नहीं
राजनाथ सिंह ने माना, मोदी 800 साल बने पहले हिन्दू शासक नहीं
सांसद मोहम्मद सलीम ने गृहमंत्री पर लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपरोक्ष रूप से कहा है कि मोदी 800 साल बने पहले हिन्दू शासक नहीं है। लोक सभा में उन्होंने कहा कि अगर ऐसा बयान कोई गृहमंत्री देता है तो उसे पद पर बने रहने का कोई नैतिक हक नहीं है।
दरअसल लोकसभा में असहिष्णुता पर चल रही बहस में उस समय हंगामा हो गया, जब मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सांसद मोहम्मद सलीम ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह पर गंभीर आरोप लगा दिया कि 'राजनाथ सिंह ने कहा था कि 800 साल बाद कोई हिंदू देश का शासक बना है'। आरोप पर राजनाथ ने कड़ी आपत्ति जताई और भाजपा सदस्य समर्थन में खड़े हो गए।
सांसद सलीम द्वारा लगाए गए आरोप के बाद गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'मैं इससे आहत हुआ हूं और अगर ऐसा बयान कोई गृहमंत्री देता है तो उसे पद पर बने रहने का कोई नैतिक हक नहीं है।'
लोकसभा अध्यक्ष ने सांसद सलीम के बयान को रिकॉर्ड में रखने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि सांसदों को बिना नोटिस के इस तरह के आरोप नहीं लगाने चाहिए। असहिष्णुता पर बहस करते हुए सलीम ने कहा कि हमें अखलाक की हत्या पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि असहिष्णुता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं?
सलीम ने कहा कि देश में असहिष्णुता खुल्लम-खुल्ला हो रही है। इससे पहले सदन ने पेरिस में हुए हमले और रूस का विमान मार गिराए जाने की निंदा की और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बता दें कि विश्व हिन्दू परिषद् के मृत नेता अशोक सिंहल ने नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने पर बयान दिया था कि 800 साल बाद कोई हिंदू देश का शासक बना है। राजनाथ सिंह का आज का वक्तव्य सीधे-सीधे संघ गिरोह की वैचारिक लाइन के विरोध में देखा जा रहा है।


