राबर्ट्सगंज तहसील परिसर में AIUFWP का अनिश्चित कालीन धरना शुरू
राबर्ट्सगंज तहसील परिसर में AIUFWP का अनिश्चित कालीन धरना शुरू
सोनभद्र में अवैध भू-अधिग्रहण, शांतिपूर्ण आंदोलन पर पुलिसिया दमन, गोलीबारी व फर्जी मुकदमों में फंसा कर अग्रणी आंदोलनकारी साथियों को जेल भेजने के विरोध में उनकी बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर राबर्ट्सगंज तहसील परिसर में AIUFWP का अनिश्चित कालीन धरना शुरू
सोनभद्र 25 जुलाई। उ0प्र0 के जनपद सोनभद्र तहसील परिसर में कनहर बाँध के नाम पर सरकार द्वारा किए जा रहे अवैध भू-अधिग्रहण, शांतिपूर्ण आंदोलन पर पुलिस गोलीबारी व फर्जी मुकदमों में फंसा कर अग्रणी आंदोलनकारी रोमा, सोकालो पनिका, गम्भीरा प्रसाद, पंकज गौतम, लक्ष्मण व अशर्फी यादव को जेल भेजने के विरोध में उनकी बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर दलित आदिवासी व गरीब किसान महिला पुरुषों ने अनिश्चितकालीन धरने की शुरुआत कर दी है।
AIUFWP की एक विज्ञप्तिके अ
नुसार प्रातः करीब 11.30 पर रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित डंडई बाबा के स्थान पर करीब 1000 की संख्या में लोग इकट्ठा हुए और रैली निकाल कर 12.00 बजे के आस-पास तहसील परिसर में पहुंचे। इनमें ए.आई.यू.एफ.डब्लू.पी के अग्रणी साथी मातादयाल के नेतृत्व में जनपद चित्रकूट मानिकपुर से करीब 400 लोगों का शामिल होना बहुत उत्साहजनक रहा। वहां जाकर यह रैली एक जनसभा में तब्दील हो गई। चूंकि आज सभी बंदियों की कोर्ट में पेशी भी होनी थी। करीब एक बजे जेल की गाड़ी में सभी बंदी आंदोलनकारी तहसील पहुंचे। महिलाएं जोकि पहले से ही अपनी मांगों को लेकर जमकर नारे लगा रहीं थीं, जेल में बन्द साथियों के वहां पहुंचने पर 1000 से अधिक की संख्या में लोगों ने उनका नारों की रफ्तार को और तेज़ करते हुए जोशीले नारे लगाकर उनका स्वागत किया।
इस रैली की अगुवाई हुलसी, धनपति देवी, शोभा, लालती पासवान, मातादयाल, संजय सिंह, श्यामलाल पासवान, रमाशंकर ने की।
धरने को मातादयाल, हुलसी देवी, संजय सिंह आदि ने सम्बोधित करते हुए कहा कि सोनभद्र पुलिस और प्रशासन ने यहां के गुंडों व खनन माफियाओं के साथ मिलकर आदिवासी-दलित व गरीब लोगों की ज़मीनें छीनने, उनपर गोली चलाने व झूठे मुकदमे लाद कर अग्रणी साथियों को जेल भेजने की कार्रवाईयां करके दमन का जो चक्र चला रखा है, वो अब हम और बर्दाश्त नहीं कर सकते। इस दमन व अवैध भू-अधिग्रहण के खिलाफ हम अपने संघर्ष को यहां तो जारी रखेंगे ही, भू अधिकार आंदोलन के तहत हम इसे राष्ट्रीय स्तर तक भी ले जाएंगे। आज से हम सोनभद्र की तहसील परिसर में अपनी मांगों को लेकर एक अनिश्चित कालीन क्रमिक धरने की शुरुआत का ऐलान करते हैं।
धरने पर बैठे लोगों को रोमा ने समय और मौका कम दिए जाने के कारण इतना ही कहा कि ‘‘हम अगर जेल से छूट कर बाहर आएंगे तो वो किसी कानूनी कार्रवाई के कारण नहीं आएंगे, आपकी मज़बूती और आंदोलन की ताकत से ही हम बाहर आ सकते हैं’’। उन्होंने साथियों से प्रशासन पर दबाव बनाए रखने का भी आह्वान किया। करीब 4 बजे उन्हें व उनके साथ आए साथियों को जेल की गाड़ी से मिर्जापुर के लिए रवाना कर दिया गया।


