रार थमी लेकिन दोफाड़ हुई आम आदमी पार्टी...
रार थमी लेकिन दोफाड़ हुई आम आदमी पार्टी...
अमानतउल्लाह निलंबित, विश्वास को मिला राजस्थान, बयान पर जांच
नई दिल्ली, 3 मई। आम आदमी पार्टी ने ओखला से विधायक अमानतउल्लाह खान को निलंबित कर दिया है और पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास को राजस्थान का प्रभारी नियुक्त किया है। इसी के साथ पार्टी के भीतर कई दिनों से चल रहा विवाद फिलहाल जरूर थम गया है लेकिन पार्टी में स्पष्टï तौर पर दो टुकड़े हो गए हैं।
आम आदमी पार्टी ने अमानतउल्लाह की प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी है और उनके कुमार विश्वास के खिलाफ दिए गए बयान की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इससे साफ है कि बयान पर पार्टी का रूख अभी भी विधायक के साथ है।
आम आदमी पार्टी में नाराज कुमार विश्वास को मनाने के लिए कई दिनों से कोशिशें चल रही थीं और बीती रात को भी केजरीवाल कुमार विश्वास के घर पहुंचे उनके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी थे।
तीनों ने रात को दिल्ली आकर मुख्यमंत्री आवास में लंबी चर्चा की इसके बाद सुबह शुरू हुई राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक आयेाजित की गई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अहम बैठक कर यह फैसला लिया गया कि कुमार विश्वास की सक्रियता को बढ़ाया जाए। बैठक के बाद कुमार विश्वास ने कहा कि जब जरूरत होगी, मन, अनमने ढंग से बोलता रहूंगा। विश्वास ने साथ देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद कहा और कहा कि उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने मेरा साथ दिया।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अमानतउल्लाह खान को पार्टी से निलंबित किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि उनके बयान पर भी जांच की जाएगी। बयान की जांच करने के लिए पार्टी के सचिव पंकज गुप्ता की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। इस कमेटी में आतिशी मरलेना व आशुतोष भी होंगे।
बता दें कि अमानतउल्लाह ने सोमवार को कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि विश्वास के बीजेपी-आरएसएस और अजीत डोभाल के इशारे पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज मैं कह रहा हूं वो नहीं मान रहे, लेकिन कल उनको खुद पता चल जाएगा। हालांकि निलंबन की घोषणा के बाद उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा कि वे केजरीवाल के साथ हैं व रहेंगे। जबकि सूत्रों की माने तो निलंबन का ऐलान करने के बाद मनीष सिसोदिया ने अमानतउल्लाह के घर गए और उनसे मुलाकात कर पूरा माजरा समझाया।
AAP परिवार एकजुट है,सभी कार्यकर्ता साथियों को बधाई। pic.twitter.com/EHMs1B3kRw
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) May 3, 2017
गोयल ने कहा मैं आप में ही रहूंगा
दिल्ली विधानसभा में अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने आज दावा किया कि कुछ लोग अनर्गल प्रचार कर रहे हैं कि वे भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि मैं 6 जनवरी 2014 को आम आदमी पार्टी में शामिल हुआ था और उसके बाद विधायक चुना गया और अब विधानसभा अध्यक्ष होने के नाते मैं अपना काम कर रहा हूं। लेकिन भाजपा के लोगों ने गलत प्रचार अभियान चलाया कि मैं भाजपा में जा रहा हूं। लेकिन मैं स्पष्ट तौर पर कहना चाहता हूं कि मैं जीवन की अंतिम सांस तक आम आदमी पार्टी में रहूंगा।


