रिहाई मंच जल्दी ही महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात बदलेगा- अहमद कुरैशी
रिहाई मंच जल्दी ही महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात बदलेगा- अहमद कुरैशी
11 सितम्बर से दो चरणों में लातूर, उस्मानाबाद, बीड, परभनी, जालना और औरंगाबाद का होगा दौरा
नांदेड में सम्पन्न हुई रिहाई मंच महाराष्ट्र यूनिट की राज्य स्तरीय बैठक
नांदेड 4 सितम्बर 2016। रिहाई मंच महाराष्ट्र यूनिट के अहम सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक 3 सितम्बर को तपोवन रेस्ट हाउस में हुई। जिसमें आगामी योजनाओं का निर्णय लेते हुए तय किया गया कि 18 सितम्बर को औरंगाबाद में राज्य स्तरीय कोर कमेटी की बैठक में राज्य कार्यकारिणी का चुनाव किया जाएगा।
रिहाई मंच महाराष्ट्र के अध्यक्ष अहेमद कुरैशी ने कहा कि 3 सितम्बर को नांदेड तपोवन रेस्ट हाउस में सुबह 10 बजे से 4 बजे तक हुई बैठक में महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से आए अहम सदस्य शामिल हुए। जिसमें यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में 11 सितम्बर से पहले चरण में लातूर, उस्मानाबाद और बीड तथा दूसरे चरण में परभनी, जालना और औरंगाबाद में संगठन विस्तार को लेकर होने वाले दौरों और बैठकों के बाद 18 सितम्बर को औरंगाबाद में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित कर 11 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव किया जाएगा और सभी जिलों के संयोजक नियुक्त किए जाएंगे।
18 सितम्बर को औरंगाबाद में होगी प्रदेश कमिटी की बैठक
श्री कुरैशी ने कहा है कि औरंगाबाद की बैठक में महराष्ट्र के सभी चार जोन विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्चिम और उत्तर महाराष्ट्र को योजनानुसार संचालित करने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। ताकि एक महीने बाद मुम्बई में होने वाले राज्यस्तरीय अधिवेशन तक संगठन को मजबूत किया जा सके।
अहेमद कुरैशी ने जानकारी दी कि मुम्बई में होने वाले पब्लिक प्रोग्राम में महाराष्ट्र कमेटी सदस्यों को राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शुऐब के हाथों नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रिहाई मंच के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लग रहा है कि महाराष्ट्र में कुछ महीनों में ही राजनैतिक बदलाव के आसार नजर आएंगे।
इस अवसर पर बीड से आए प्रमुख अतिथि अखिल खतीब ने कहा कि रिहाई मंच एक मजबूत और साफसुथरा संगठन है और ऐसे संगठन की महाराष्ट्र को लम्बे समय से जरूरत थी। कई वर्षों बाद महाराष्ट्र को एक ईमानदार और निडर प्लेटफॉर्म मिला है जिससे हम अनुसूचितजाति-जनजाति, ओबीसी और मुसलमानों की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में मजबूत यूनिट निर्माण की जिम्मेदारी को वे पूरा करने के लिए प्रदेश भर के ईमानदार और जुझारू लोगों को मंच से जोड़ेंगे। बैठक के बाद आभार वक्तव्य शेख जावेद ने दिया। बैठक को सफल बनाने में नांदेड के स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही।
इस बैठक में कोर कमेटी के मौलाना मुबीन खान इनामदार (नांदेड), मोहम्मद अखिल खतीब (बीड), मोहम्मद रियाज शेख (पुणे), एडवोकेट मिर्जा अफजल बेग (परभनी), शेख लतीफ (नासिक), मोहम्मद जुनैद, एडवोकेट फारूकी, सरफराज रिजवी, संदीप काम्बले, एजाज कुरैशी, शेख यूनुस, सोपान गारे, मोहम्मद अजीम शेख, साईनाथ काम्बले, शेख जावेद मौजूद थे।


