रिहाई मंच ने शुरू किया ’सेव डेमोक्रेसी’ अभियान
रिहाई मंच ने शुरू किया ’सेव डेमोक्रेसी’ अभियान
रिहाई मंच राजनैतिक दलों को भेजेगा बीस सूत्रीय मांग पत्र- मोहम्मद शुऐब
लखनऊ 22 जनवरी 2014। रिहाई मंच ने ’सेव डेमोक्रेसी’ नाम से एक अभियान चलाये जाने का निर्णय भी लिया है। इस अभियान के तहत बीस सूत्रीय माँग पत्र पर आम जनता के सुझाव और उनकी प्रतिक्रियाएं भी माँगी गयी हैं जिन्हें लाटूश रोड स्थित केन्द्रीय कार्यालय और संजरपुर आजमगढ़ स्थित कार्यालय को सीधे साधारण या रजिस्टर्ड डाक से भेजा जा सकता है।
लोकसभा के आगामी चुनावों के मद्देनजर देश के लोकतंत्र पर मंडरा रहे खतरों और वर्तमान राजनैतिक परिदृश्य में आम जनता और अल्पसंख्यकों के सवालों को लेकर रिहाई मंच की तीन दिवसीय बैठक के बाद मंच के अध्यक्ष मोहम्मद शुऐब ने आज यहाँ बताया कि इस कार्य के लिये रिहाई मंच के नेता मसीउद्दीन संजरी के नेतृत्व में एक संयोजन समिति का गठन भी कर दिया गया है। समिति के सह संयोजकों में अनिल आजमी, लक्ष्मण प्रसाद, हरेराम मिश्र, मो. आरिफ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सुझाव और प्रतिक्रियाएं सोशल नेटवर्किंग साइटों के माध्यम से भी मंच द्वारा स्वीकार किये जायेंगे। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिये चलाये जा रहे इस अभियान में आम जनता से बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील की।
बैठक मंच के अध्यक्ष मोहम्मद शुऐब एडवोकेट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुयी। बैठक में मंच की ओर से बीस सूत्रीय माँग पत्र तैयार किया गया। इसके साथ ही देश के राजनैतिक दलों से उनके चुनावी घोषणा पत्र में रिहाई मंच द्वारा जारी इन बीस सूत्रीय माँगों को शामिल करने की माँग पर भी आम सहमति बनी।
बैठक सम्पन्न होने के बाद मोहम्मद शुऐब ने बताया कि देश के लोकतान्त्रिक ढाँचे पर बेलगाम आईबी द्वारा थोपे जा रहे खतरों और उसे संसद के प्रति जवाबदेह बनाने सहित आतंकवाद के नाम पर कैद बेगुनाह मुस्लिम नौजवानों के इंसाफ का सवाल, सांप्रदायिक दंगे, देश में आतंकवाद के नाम पर कथित मुठभेड़ों और न्यायिक/पुलिस हिरासत में हुई मौतों/हत्याओं की जाँच समेत कई मुद्दों को तैयार माँग पत्र में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस माँग पत्र को देश के आम चुनाव में शामिल होने जा रही समस्त राजनैतिक पार्टियों को भेजकर उनके चुनावी घोषणापत्र में इसे शामिल करने की माँग की जायेगी।


