उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद फैले तनाव के मद्देनजर देर रात कर्फ्यू लगा दिया गया। फिलहाल हालात सामान्य है। लेकिन तनाव के बाद एहतियातन इलाके में कर्फ्यू लगाया गया है। लोगों को प्रशासन ने घर के अंदर रहने का निर्देश दिया है।

यूपी में अभी चुनाव चल ही रहे हैं। कल छठे चरण का चुनाव होना है। पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता विनोद गुप्ता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर भीड़ को भड़काने, तोड़फोड़ करवाने का आरोप है।

पुलिस इस मामले में और भी लोगों की तलाश कर रही है।

पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से शहर में रूटमार्च भी निकाला। हालात जल्द सामान्य हो सके इसलिए पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है।

बता दें कि एक दिन पहले धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला वीडियो वायरल होने के बाद गुरुवार को लखीमपुर में बवाल होने रात साढ़े नौ बजे शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया। वीडियो वायरल करने के मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को दोपहर में चुपचाप जेल भेजे जाने से भड़के दूसरे समुदाय के लोग रात में सड़क पर उतर आए और शहर में जगह-जगह तोड़फोड़ की। इस दौरान गोली चलने से दो लोगों के घायल होने की घटना हो गई, इसे देखते हुए ही डीएम ने एहतियातन कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया।

दरअसल शहर के महाराजनगर निवासी एक युवक ने अपने दोस्त की मदद से दूसरे समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाला विडियो बनाया और बुधवार को उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।