विकास के लिये दलगत एजेण्डा आड़े न आये- मनीष तिवारी
विकास के लिये दलगत एजेण्डा आड़े न आये- मनीष तिवारी
जगरांव, 27 दिसम्बर। गौवंश की रक्षा का नारा देने वाले तो सिर्फ नारे ही देते हैं लेकिन सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने गायों की सेवा के लिये पहल की है। उन्होंने गायों को गौशाला तक लाने के लिये अपनी सांसद निधि से 5.95 लाख रुपये से गौशाला को प्रदान किये हैं।
पंजाब के लुधियाना जिले में एक स्थानीय गौशाला में जनसभा को संबोधित करते हुये श्री तिवारी ने कहा कि विकास के एजेण्डे को दलगत विचारों से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले पाँच वर्षों के दौरान उन्होंने अपने विवेकाधीन निधि से जो भी निधि जारी की उस समय उन्होंने यह विचार नहीं किया कि जिस इलाके में वह अपने निधि का इस्तेमाल कर रहे हैं, उस विधानसभा, नगर निगम या पंचायतों का प्रतिनिधित्व कौन कर रहा है। उन्होंने किसी भी क्षेत्र को विकास के दायरे से बाहर नहीं रखा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने गायों को पनाह देने के लिये गौशाला प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे पशुओं की सेवा करना महान कार्य है जो भाग्य भरोसे छोड़ दिये जाते हैं।
गौशाला प्रबंधन ने गायों को गौशाला तक लाने के लिये 5.95 लाख रुपये से एक वाहन खरीदा है। यह धनराशि मंत्री महोदय ने प्रदान की थी क्योंकि गौशाला में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी। श्री तिवारी ने कोठे शेरजंग गाँव में प्राथमिक पाठशाला के निर्माण के लिये 3 लाख रुपये और जगरांव में अगवार लोपों कोठे हरीसिंह में विकास कार्य के लिये तीन लाख रुपये भी जारी किये हैं। उन्होंने लाला लाजपत राय को श्रद्धांजलि देने के साथ जगरांव के लाला लाजपत राय डीएवी कॉलेज के प्रशासनिक खंड की आधारशिला भी रखी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री ईशर सिंह मेहबान, जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष पवन दीवान सहित अन्य वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी शामिल थे।


