कैलाश विजयवर्गीय ने रोहित वेमुला मामले में कह दी मन की बात
जिस रोहित वेमुला को नरेंद्र मोदी माँ भारती का लाल कहा था, कैलाश विजयवर्गीय ने उसे आतंकी के लिए नमाज पढ़ने वाला बता दिया है।
नई दिल्ली। बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने रोहित वेमुला मामले में मन की बात कह दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में मोदी गो बैक नारे सुनने के बाद जिस रोहित वेमुला को माँ भारती का लाल कहा था, विजयवर्गीय ने उसे आतंकी के लिए नमाज पढ़ने वाला बता दिया है।

प्रतिष्ठित समाचारपत्र देशबन्धु की एक खबर के मुताबिक कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में कल शनिवार को रोहित वेमुला की खुदकुशी पर दुख तो जताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि जो छात्र आतंकी के लिए नमाज पढ़ता हो, बीफ पार्टी करने की बात करता हो, वह कमजोर नहीं हो सकता और आत्महत्या नहीं कर सकता।
इंदौर में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि रोहित कमजोर छात्र नहीं था कि छोटी-सी घटना पर आत्महत्या कर ले। जिस छात्र ने आतंकवादी याकूब मेमन की फांसी पर नमाज पढ़ी हो, जो बीफ पार्टी करने की बात कहता हो और भगवा रंग देखते ही उसे फाड़ऩे की बात करता हो, वो आत्महत्या नहीं कर सकता। यह एक जांच का विषय है और जांच के बाद विरोधियों के चेहरे बेनकाब हो जाएंगे। उन्होंने रोहित वेमुला की खुदकुशी पर मोदी सरकार को लेकर आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने की साजिश है।

कल रोहित वेमुला का जन्मदिन था
गौरतलब है कि कल रोहित वेमुला का जन्मदिन भी था और पूरे देश में रोहित वेमुला के हत्यारों को दंडित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी हुए, ऐसे में कैलाश विजयवर्गीय की मन की बात का महत्व प्रधानमंत्री के वक्तव्य पर भारी पड़ता है क्योंकि विजयवर्गीय भाजपा महासचिव हैं।