जदयू में चल रहे हंगामे के बीच अब खबर आ रही है कि राज्यसभा सांसद और जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव आज बड़ा खुलासा करेंगे। आज वे पत्रकार वार्ता करने वाले हैं, हालांकि अभी तक समय तय नहीं हो सका है।

इस बीच विपक्षी नेताओं का शरद यादव से मुलाकात का दौर जारी है, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण नाम शिवपाल यादव का है, जिनके बारे में कयास लगाए जा रहे हैं, कि वे खुद भाजपा में जा रहे हैं।

शरद यादव ने कल संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए नीतीश कुमार के फैसले पर नाराज़गी जता दी है।

सूत्रों की माने तो शरद आज पत्रकार वार्ता करेंगे.. वैसे यह पत्रकार वार्ता आज ही होने वाली थी..

इधर, शरद यादव से उनके घर पर मिलने वालों का आज भी तांता लगा रहा, जिसमें कई राज्यों के प्रतिनिधि हैं। अमूमन सारे नेता इस बात को लेकर एक राय हैं, कि बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाया जाए।

शरद यादव से मिलने वालों में जनता परिवार के दूसरे दलों के नेता भी हैं। कल जिन नेताओं ने उनसे मुलाकात की, उनमें शिवपाल यादव के अलावा अजीत सिंह का नाम भी शामिल है। दूसरी तरफ, कांग्रेस के गुलाम नबी आजाद, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी और भाकपा नेता डी राजा भी उनसे मुलाकात कर चुके हैं।

माना जा रहा है, शिवपाल यादव उनसे मुलायम सिंह के प्रतिनिधि के तौर पर मिले हैं। शरद यादव पूरे मामले में क्या रुख अपनाते हैं, यह तो कल पता चलेगा, लेकिन ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है, कि वे पुराने जनता परिवार को एक करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के सामने एक सशक्त विपक्ष को खड़ा करने की शुरुआत करेंगे।

कल संसद में नीतीश और भाजपा गठबंधन के खिलाफ बोलकर उन्होंने अपना रुख लगभग साफ कर दिया है।

डीबी लाइव की रिपोर्ट..