नयी दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार होंगी।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी तथा उत्तर प्रदेश के प्रभारी महासचिव गुलाम नबी आजाद ने आज यह घोषणा की।
अठहत्तर वर्षीय श्रीमती दीक्षित उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री रहे उमा शंकर दीक्षित की पुत्र वधू हैं और वह 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रही हैं। पार्टी ने उनके अनुभव और दिल्ली में उनके शासनकाल में हुए विकास कार्यों को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश में अपना चेहरा बनाया है।

कांग्रेस ने गत मंगलवार को ही राज्यसभा सांसद राज बब्बर को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था।
पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार समिति का गठन भी कर दिया जिसके अध्यक्ष राज्यसभा सदस्य संजय सिंह बनाये गये है। इसके अलावा पूर्व केन्द्रीय मंत्री आर पीएन सिंह को प्रदेश में वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है।