धोखाधड़ी, प्रलोभन और देश के साथ गद्दारी की गहरी साजिश आगरा में जबरन धर्मांतरण-शास्त्री
अयोध्या। चिश्ती सद्भावना पुरस्कार से सम्मानित महंत युगलकिशोर शरण शास्त्री आगरा में जबरन कराए गए मुस्लिमों के धर्म परिवर्तन पर रोष व्यक्त करते हुये कहा कि यह धोखाधड़ी, प्रलोभन और देश के साथ गद्दारी की गहरी साजिश है। सांप्रदायिक राजनीति की जमीन तैयार करने वालों को बेनकाब करने की सख्त जरूरत है। क्योकि उसने मुस्लिमों को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि इन हिंदुत्ववादियों को सबसे पहले अपनी बेटी से शादी करके यह नज़ीर पेश करना चाहिए कि मैं आपको अपनी जाति मे शामिल कर रहा हूँ। हिन्दू धर्म का मुख्य आधार ही वर्ण और जाति व्यवस्था है। हिन्दू धर्म सिर्फ छलावा है। यह धर्म सिर्फ देश के ओबीसी दलित और अनुसूचित जनजातियों को अपने जाल मे फंसाने के लिए बनाया गया है।
शास्त्री जी ने कहा कि भाजपा सांसद योगी आदित्य नाथ और साक्षी महाराज मुस्लिमों को हिन्दू बनाने के नाम पर धोखा दे रहे हैं। उन्हें इसके लिए कोई हैसियत नहीं मानी जाएगी जब तक वे अपने-अपने परिवार की लड़कियों को धर्मांतरित मुस्लिम युवकों से ब्याह नहीं देते हैं। इसके साथ ही उन्हें तब तक अपनी जाति के हजारो परिवारों से कोर्ट मे यह शपथ पत्र दिला देते कि कोई भी मुस्लिम जो हिन्दू बन जाएगा उससे रोटी-बेटी का संबंध रखूँगा। आखिर जो मुस्लिम हिन्दू बनेगा, कौन सी जाति उन्हें स्वीकार कारेगी? इसकी गारंटी लेने वाली कोई जाति तो चाहिए ही।
देश के अल्पसंख्यकों से आग्रह करते हुए शास्त्री जी ने कहा कि वे हिन्दू बनने के फिराक मे न पड़ें। शिकारी आप के पास पहुँच सकते हैं। इनसे सावधान रहिए अन्यथा वे आपके गले मे फंदा डाल देंगे। संघी गिरोह देश के खतरनाक शिकारी हैं। ये लोग देश के दलित,ओबीसी और जनजातियों पर हजारो वर्ष से जुल्म ढा रहे हैं। इनके सांप्रदायिक और वर्णवादी मंसूबों से लगातार सजग रहने की जरूरत है।