दिनेश शाक्य
लखनऊ। चंद दिनो से इस बात की चर्चाएं समाजवादी पार्टी के अलावा राजनैतिक हलकों में बड़ी तेजी से चल रही थी कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव मैनपुरी के अलावा पूर्वांचल की आजमगढ़ संसदीय सीटे से चुनाव लड़ेंगे लेकिन पार्टी की ओर से लगातार इस बात से इंकार ही किया जाता रहा कि सपा प्रमुख आजमगढ़ चुनाव नही लड़ेंगे मैनपुरी से ही चुनाव लड़ेंगे। लेकिन कार्यकर्त्ताओं की व्यापक माँग के चलते समाजवादी पार्टी ने उन चर्चाओं पर आज तक विराम लगाते हुये सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के आजमगढ़ से भी चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के मैनपुरी और आजमगढ़ से चुनाव लड़ने का ऐलान आज सपा प्रवक्ता डॉ. रामगोपाल यादव ने किया। उन्होंने साफ किया कि पूर्वांचल के सभी जिलों के कार्यकर्त्ताओं और नेताओं की माँग पर समाजवादी पार्टी ने इस बात का निर्णय लिया है कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव अब मैनपुरी के अलावा आजमगढ़ से भी चुनाव लड़ेंगे।

पूर्वांचल के कार्यकर्त्ताओं और नेताओं की माँग पर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के आजमगढ़ से चुनाव लड़ने से जाहिर है कि पूर्वांचल की यादव पटटी मे समाजवादी पार्टी को खास फायदा मिलेगा। सपा प्रमुख पहले मैनपुरी से ही चुनाव लडते आ रहे लेकिन बदली राजनैतिक परिस्थियो मे आजमगढ़ से चुनाव लड़ने का जो फैसला लिया गया है उसका फायदा पूर्वांचल की सीटो पर बडे स्तर पर पडेगा जो जाहिर है समाजवादी पार्टी के पक्ष मे होगा।

करीब एक महीने से इस बात की चर्चाए तेजी से जारी थी कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव पूर्वांचल मे अपनी पार्टी को ताकत देने के इरादे से आजमगढ़ से चुनाव मैदान में उतरेंगे। वैसे सपा ने आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष हवलदार सिंह को चुनाव मैदान मे उतार रखा था जो लगातार वहाँ पर अपने स्तर से सक्रिय थे लेकिन जैसे ही मुलायम सिंह यादव के आजमगढ़ आने की खबर आई तो हवलदार अपनी सीट ना केवल छोड़ने के लिये तैयार हो गये बल्कि उन्होंने साफ किया कि इसका फायदा पार्टी को हर हाल मे मिलेगा।

मुलायम के आजमगढ़ से चुनाव मैदान मे उतरने से पूर्वांचल की 32 सीटो पर प्रभाव पडेगा। हमेशा पश्चिम मे चुनाव मैदान मे उतरते रहे मुलायम सिंह यादव पहली बार पूर्वांचल की आजमगढ़ सीट से चुनाव मैदान मे उतरने जा रहे हैं। मुलायम के आजमगढ़ से लड़ने का एक फायदा यह मिलेगा कि मोदी बनारस से चुनाव मैदान मे उतरे हुये हैं तो मोदी को घेरने का भी फायदा समाजवादी पार्टी को हर हाल मे मिलेगा।

सप्ताह भर पहले मुलायम के आजमगढ़ से चुनाव लड़ने की खबरों ने जोर पकड़ा था तब सपा के सभी नेताओं ने इस बात को खारिज कर दिया था कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है लेकिन आज अचानक आई इस घोषणा ने मुलायम सर्मथकों में जोश पैदा हो गया है।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क