नई दिल्ली, 16 मार्च (देशबन्धु)। आम आदमी पार्टी ने आज भाजपा द्वारा सभी 153 पार्षदों को दोबारा मौका ना देने पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने खुद ही यह स्वीकार कर लिया है कि उसके ये सभी पार्षद ना केवल निक्कमे थे जनधन की लूट मचाने वालों के प्रति जनता में आक्रोष भी है। निगम चुनाव के जरिए भाजपा अब कुछ और भ्रष्ट नेताओं की नई खेप तैयार करने की तैयारी में है ताकि एक बार फिर से निगम को लूटने की योजना बनाई जा सके। लेकिन इस बार दिल्ली की जनता भाजपा-कांग्रेस के पार्षदों की कार्यशैली को भांप चुकी है और जनता इस बार इन दोनों पार्टियों के नेताओं को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।

पार्टी के दिल्ली संयोजक और राष्ट्रीय प्रवक्ता दिलीप पांडे ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने पिछले तकरीबन 20 साल में नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है और विश्व की 10 सबसे भ्रष्टतम संस्थाओं की लिस्ट बने तो दिल्ली नगर निगम उसमें सबसे ऊपर रहेगी। चाहे कूड़ा उठाने के नाम पर किया गया घोटाला हो या फिर पेंशन और सफाई कर्मचारियों के वेतन का घोटाला हो, रानी झांसी रोड़ पर पिछले 20 साल से बन रहे अधूरे फ्लाई ओवर का घोटाला हो या फिर निर्माण के नाम पर लूट हर जगह भ्रष्टाचार नजर आता है। अब तो दिल्ली की जनता एक मौसम में तो को सबसे भ्रष्ट विभाग और दूसरे मौसम में उसे मलेरिया, चिकनगुनिया डेंगू कहती है। जनता समझदार है और वह जवाब देगी।