संभावना द्वारा राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन
चित्तौडग़ढ़, 24 सितंबर। शहर की साहित्यिक संस्था 'संभावना' द्वारा तीन एवं चार अक्टूबर को चित्तौडग़ढ़ में राष्ट्रीय सेमीनार का आयोजन किया जाएगा। संभावना के अध्यक्ष डॉ. के सी शर्मा ने इस सम्बन्ध में बताया कि यह दूसरा मौका है जब यहां हिन्दी साहित्य पर केन्द्रित राष्ट्रीय स्तर का सेमिनार होने जा रहा है। पूर्व में स्वयं प्रकाश और समकालीन हिन्दी कथा साहित्य विषय पर 2013 में राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित हुआ था।
राष्ट्रीय सेमीनार आयोजन से जुड़े वरिष्ठ श्रमिक नेता घनश्यामसिंह राणावत, डॉ. कनक जैन, लक्ष्मण व्यास एवं मुन्ना लाल डाकोत ने बताया कि सेमीनार में हिन्दी साहित्य के समकालीन परिदृश्य के संदर्भ में वरिष्ठ कथाकार अखिलेश के साहित्य पर देश के जाने-माने साहित्यकार चर्चा करेंगे।
सेमिनार के आयोजन की तैयारी बैठक यहां आयोजित की गई।
बैठक में जीएनएस चैहान, विकास अग्रवाल, गोपाल जाट, संतोष शर्मा, केके दशोरा सहित संभावना के साथी उपस्थित थे। गौरतलब है कि इस साहित्यिक आयोजन में देश के कई हिस्सों से लेखक, आलोचक, शोधार्थी और पाठक आ रहे हैं।