समाजवादी पार्टी-सोशल मीडिया पर भी भिड़ रहे हैं रामगोपाल-शिवपाल समर्थक
समाजवादी पार्टी-सोशल मीडिया पर भी भिड़ रहे हैं रामगोपाल-शिवपाल समर्थक
सोशल मीडिया पर भी भिड़ रहे हैं रामगोपाल-शिवपाल समर्थक
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी में अंतर्कलह दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। स्थिति यहां तक खराब हो गई है कि पार्टी के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग पार्टी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर ही अपने उद्गार परोसे जा रहे हैं।
दरअसल कल बुधवार को समाजवादी पार्टी के फेसबुक पेज पर पार्टी प्रवक्ता दीपक मिश्रा (जो शिवपाल यादव के करीबी माने जाते हैं) की ओर से एक विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि –
“समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री शिवपाल सिंह यादव ने सभी जिलाध्यक्षों को परिपत्र भेजकर समाजवादी पार्टी के संस्थापक जिलाध्यक्षों को सम्मान देते हुए जिला इकाई का विशेष आंमत्रित सदस्य बनाने का निर्देश दिया है। समाजवादी पार्टी उन संस्थापक नेताओं का अपना धरोहर मानती है जिन्होंने 1992 में प्रतिकूल परिस्थितियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मुलायम सिंह यादव का साथ समाजवादी पार्टी के गठन में दिया था।
समाजवादी पार्टी 4 नवम्बर को 24 साल पूरे कर 25 वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। उल्लेखनीय है कि नेताजी ने 1992 में ‘छोटे लोहिया’ जनेश्वर मिश्र, बाबू कपिलदेव सिंह, मोहन सिंह, ब्रजभूषण तिवारी जैसे समाजवादी नेताओं व चिन्तकों के साथ मिलकर समाजवादी पार्टी का गठन कर समाजवादी आन्दोलन को बिखराव से रोका था।
दो दशक के अन्दर समाजवादी पार्टी ने भारत के सबसे बड़े सूबे में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर भारतीय राजनीति में नए अध्याय की रचना कर दी है। कई बड़े नेताओं ने जिले स्तर पर समाजवादी पार्टी का अगुवाई की थी और समाजवादी पार्टी को इस ऊँचाई तक पहुँचानें में महती भूमिका निभाई थी।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शिवपाल जी का स्पष्ट मत है कि उनके लम्बे अनुभव से समाजवादी पार्टी को साम्प्रदायिक ताकतों से लड़ने में गुणात्मक ताकत मिलेगी।“
इस पोस्ट पर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सदस्य जावेद अली खान, जिन्हें रामगोपाल यादव का बहुत नज़दीकी समझा जाता है, ने टिप्पणी कर दी-
“मोहन सिंह बेशक समाजवादी थे पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य नहीं थे वे पार्टी में १९९६ में आये।“
मजे की बात यह है कि जावेद अली खान भी समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य नहीं हैं, बताया जाता है वे 12 अप्रैल 1994 को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी छोड़कर सपा में शामिल हुए थे।


