सामाजिक न्याय की यात्रा अभी अधूरी है- अखिलेन्द्र
सामाजिक न्याय की यात्रा अभी अधूरी है- अखिलेन्द्र
सामाजिक न्याय मोर्चा व आईपीएफ का महा सम्मेलन हुआ
20 नवम्बर को लखनऊ में होगी रैली
सोनभद्र, 21 अक्टूबर 2013, सामाजिक न्याय की यात्रा अभी भी अधूरी है देश में जब तक आदिवासियों, अति पिछड़ों और दलित-पिछड़े मुसलमानों को उनका अधिकार नहीं हासिल होता है तब तक सामाजिक न्याय का संघर्ष जारी रहेगा। इस देश में बनी हकूमतों ने इन तबकों को इसके वाजिब सामाजिक न्याय के अधिकार नहीं दिए। आजादी के साठ सालों बाद भी उ0 प्र0 में लाखों की संख्या में रहने वाला कोल आदिवासी होते हुए भी आदिवासी का दर्जा हासिल न कर सका जबकि उसकी बिरादरी से सांसद तक बने। गोड़, खरवार जैसी आदिवासी का दर्जा पायी जातियां उच्चतम न्यायालय तक के आदेश के बाद भी चुनाव में अपने लिए सीट नहीं पा सकी। इस नाते आज इन तबकों के अधिकारों के लिए चौतरफा आंदोलन खड़ा करना होगा और दिल्ली व राज्य की सरकारों को घेरना होगा। आगामी 20 नवम्बर को प्रदेश के वाम-जनवादी दलों के साथ मिलकर आइपीएफ इन्हीं सवालों पर लखनऊ में रैली करेगा।
यह बातें आज आइपीएफ और सामाजिक न्याय मोर्चा के संयुक्त तत्वाधान में जिलाधिकारी कार्यालय पर आयोजित महा सम्मेलन के मुख्य अतिथि आइपीएफ के राष्ट्रीय संयोजक अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर विफल साबित हुई अखिलेश सरकार ने मुजफ्फरनगर में जो हालात पैदा किए उसने देश में मोदी के खिलाफ जारी लड़ाई को कमजोर करने का काम किया है। सरकार ने किसानों, मजदूरों, नौजवानों से जो भी वायदे किए थे वह पूरे नहीं हुए पूरे प्रदेश में कहीं भी कानून का राज नहीं दिखता है। उन्होंने कहा कि मोदी के गुजरात माडल और सुराज का मतलब कारपोरेट परस्त राज का है जिसमें किसानों और मजदूरों की बर्बादी ही होगी। इसलिए इसके बहकावे में न आए। आज सिर्फ पार्टी और सरकार बदलने से नहीं रास्ता और नीति बदलने से ही जनता का वास्तविक विकास सम्भंव है।
सामाजिक न्याय मोर्चा के जिलाध्यक्ष चौ0 यशवंत सिंह ने कहा कि वनाधिकार कानून को लागू कराने के लिए हाईकोर्ट से लड़ाई को जीता गया है और ग्राम सभा की वनाधिकार समिति से स्वीकृत दावों पर मालिकाना अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जायेगा।
सम्मेलन को आइपीएफ के प्रदेश संगठन प्रभारी दिनकर कपूर, जदयू के जिलाध्यक्ष रामभरोसे सिंह, लोक दल के अध्यक्ष संतोष सिंह पटेल, तौलन राम कोल, श्रीकांत सिंह, अर्जुन चैहान, महेन्द्र सिंह, प्रमोद चौबे, दयाराम कोल, अनंत बैगा, पृथ्वी पटेल, बबुदंर बैगा, छोटेलाल बैगा आदि लोगों ने सम्बोधित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता रामकृष्ण पाठक व संचालन मोर्चा के जिला महासचिव अमरेश पटेल ने किया।


