दिनेश शाक्य
इटावा। “ देश में इस समय जितने भी दल सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं सभी थोथे हैं, अगर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्त्ताओ ने सही ढंग से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर लिया तो समाजवादी पार्टी को केवल 50 सीटो के मिलने के बाद भी केंद्र में सरकार बनाने से रोकने वाला कोई नही होगा।”

यह दावा किसी और ने नहीं बल्कि कट्टर समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव ने किया। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव अपने गांव सैफई में होली मिलन समारोह के दौरान जुटे जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में सपा प्रमुख ने एक शिकायत आम लोगों से जरूर की जिसमें उन्होंने कहा कि सैफई की महिलाएं और युवा लोग वोट डालने के लिए नहीं जाते हैं इसलिए उनसे अनुरोध है कि इस बार के लोकसभा चुनाव के दौरान वोट डालने के लिए जरूर जायें ताकि उनकी जीत के रास्ते में और इजाफा हो सके।

सपा प्रमुख ने दावा किया कि मोदी भाजपा, बसपा काग्रेंस का कोई प्रभाव नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार की जनहित की योजनाओं को देश के दूसरे दल अपने-अपने इलाकों में लागू करने मे लगे हुए हैं लेकिन इस के बावजूद अखिलेश सरकार को बदनाम करने मे लगे हुए हैं।

चुनाव आयोग की आचार सहिंता का प्रभाव मुलायम सिंह यादव से लेकर परिवार के दूसरे राजनेताओ पर खुल करके देखा जाता रहा है। होली के मौके पर मुलायम सिंह यादव के गांव सैफई मे होली वाले होली समारोह मे पहले की तरह से जोशो खरोश नहीं देखा गया क्यों कि इससे पहले वाले होली समारोह में मुलायम सिंह यादव के सामने ही फाग गायन करने वालों के अलावा जमा हुए तमाम लोगों को खुलेआम पैसे बांटे जाते रहे हैं इसी कारण खासी तादाद में लोगों के जुटने का भी सिलसिला चलता चला आ रहा है। चुनाव आयोग की आचार सहिंता के कारण सपा प्रमुख मुलायम सिंह ने भी बहुत ही नपा तुला बयान होली मिलन समारोह में भाग लेने आये लोगो को दिया।

कैबनिट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने लोगों के बीच अपनी बात रखते हुए कहा कि

सरकार की ओर से जो काम काज कराये जा रहे वो लोगो को लाभ देने के लिए पर्याप्त माने जा रहे हैं फिर संसदीय चुनाव के बाद सरकार की ओर से तमाम विभागों के नौकरी निकालने की कार्ययोजना बनाई गई है लेकिन सभी आवेदक को रिटन टेस्ट पास करना होगा तभी वो नौकरी की उम्मीद करे बिना कुछ करे धरे नौकरी की उम्मीद करना बेकार साबित होगा।

सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की होली का अपना एक अलग ही महत्व देखा इसलिए जाता है क्यों कि मुलायम अपने परिवार के सभी छोटे बड़े सदस्यो के बीच आकर होली मनाने में यकीन रखते हैं। सपा प्रमुख ने होली खेलने आये लोगों को संबोधित करते हुए साफ किया है देश में इस समय जितने भी दल सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं सभी थोथे हैं अगर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने सही ढंग से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर लिया तो समाजवादी पार्टी को केवल 50 सीटों के मिलने के बाद भी केंद्र में सरकार बनाने से रोकने वाला कोई नहीं होगा। सपा प्रमुख ने दावा किया कि मोदी भाजपा, बसपा कांग्रेस का कोई प्रभाव नहीं है।

होली के अवसर पर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा प्रवक्ता डा. रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव समेत परिवार के सभी सदस्यो ने आज जमकर रंगों के साथ साथ फूलों की होली को खेला। इस मौके पर मुख्यमंत्री की पत्नी और कन्नौज की सांसद डिंपल यादव भी छत से होली का आनंद लेती रही लेकिन अखिलेश के बच्चे सुरक्षाकर्मियो से होली खेलने मे मशगूल रहे।

मुलायम सिंह यादव के घर के ठीक सामने छोटे- छोटे बच्चे हर किसी पर रंग डालने में मशगूल रहे। जो हर किसी पर रंग डालने मे यकीन रख रहे थे। सैफई में रंगों का असर काफी समय बाद देखने को मिला है लेकिन इसकी वजह साफ नहीं हो सकी है।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क