सुशासन का मुखौटा ओढ़े आतंक-राज
सुशासन का मुखौटा ओढ़े आतंक-राज
आपका बिहार में स्वागत है!
प्रतिदिन के औसतन 10 हत्याएं बिहार में हो रही हैं
अभिषेक रंजन
चौंकिएगा मत! यह हकीक़त है, फिजूल की बयानबाजी नहीं। ज़मीनी सच्चाई और सरकारी आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि बिहार अपराधियों के गिरफ्त में है, जहाँ आम लोग डरे-सहमे जीवन जीने को मजबूर हैं। न तो पुलिस सुनती है, न ही सरकार को इनकी सुध है।
हाल में जब हनीफ हिंगोरा अपहरण में बिहार का नाम आया तो कई लोगों ने इसे लालू-राज में होने वाले अपहरण की याद दिलाने वाली घटना बताई। जबकि सच यह है कि ऐसी घटनाएं बिहार में आम है। बिहार पुलिस की वेबसाइट ( www.biharpolice.bih.nic.in ) की मानें तो संज्ञेय अपराधों की संख्या में डेढ़ गुना इजाफ़ा सुशासन राज में हुआ है। वर्ष 2005 में संज्ञेय अपराधों की संख्या 104778 थी जो वर्ष 2012 में बढ़कर 160271 हो चुकी है।
बात बिहार में होने वाले बहुचर्चित अपहरण की करें तो यह सुशासन के संरक्षण मिलने से यह कम होने की बजाए लगातार बढ़ा है। वर्ष 2013 के अक्टूबर तक के आंकड़े यह बताते हैं कि बिहार में प्रतिदिन औसतन 15 लोगों का अपहरण हो रहा है। यह आंकड़ा वर्ष 2012, 2011, 2010 में क्रमशः 13, 12, 10 रहा है। 2005 में जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे, उस समय यह आंकड़ा मात्र 6 था।
इससे साफ़ पता चलता है कि तथाकथित सुशासन राज में अपहरण उद्योग न केवल बढ़ा है, बल्कि खूब फला-फूला है।
इसी तरह महिला अपराधों से जुड़ी वारदातों का जिक्र करें तो सुशासन का चेहरा बड़ा घिनौना नजर आता है। आंकड़ों की मानें तो बलात्कार से संबंधित अपराध बढ़े हैं और लालू-राज से भी ज्यादा दर से सुशासन राज में महिलाओं की यौन हमले हो रहे हैं। वर्ष 2005 में जहाँ 973 बलात्कार की घटनाएं हुई थीं, वही वर्ष 2013 के अक्टूबर माह तक बलात्कार का यह आंकड़ा कुल 972 हो गया है। किसी भी जिले में चले जाएं, ऐसा कोई दिन नहीं बीतता जब किसी महिला के साथ छेड़खानी, बलात्कार की वारदात संबंधी ख़बरें न पढ़ने को मिले। बिहार में नौजवान लड़कियों के अपहरण की बात करें तो इसमें लगभग 71 फीसदी का इजाफा देखा गया है। कई बार पुलिस लड़कियों से जुड़ी अपहरण के मामले में प्रेम-प्रसंग बताकर अपना पल्ला झाड़ लेती है।
लालू-राज से तुलना करे तो कुछ 50 फीसदी तक, तो कुछ लगभग बराबरी के आंकड़ें को छूती नजर आती है।
अपराध के इन आंकड़ों को पूरे भारत में होने वाले अपराधों के परिप्रेक्ष्य में देखें तो हम पाते हैं कि हत्या, हत्या करने के प्रयास, अपहरण, डकैती के मामलों में सर्वप्रथम तीन राज्यों में शामिल है। पूरे देश में घूमकर सेक्युलर बनने और टोपी-तिलक लगाने की बात कहने वाले सुशासन बाबू के राज में होने वाले छोटे-मोटे दंगों की भी संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। वर्ष 2013 में अब तक लगभग 10 हजार दंगे हो चुके हैं। बात सूचना के अधिकार के लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं की करें तो बिहार में सुशासन सरकार ने न केवल ऐसे कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित किया है बल्कि इन्हें बेमौत मारते देख भी कुछ नहीं कर सकी। एक मीडिया रिपोर्ट की मानें तो पिछले डेढ़ सालों में तक़रीबन 500 फर्जी मामले आरटीआई कार्यकर्ताओं पर दर्ज करवाए गए, जबकि 6 लोगों की हत्या हो गई।
इन सबके बावजूद, सुशासन का ढोल पीटने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ते बिहार के सुशासन बाबू। सवाल उठता है कि बिहार में अगर लालू-राज जंगल राज था तो उसे अब सुशासन का आतंक राज क्यूँ न माना जाए!


