स्टिंग में भाजपा पर विधायकों के खरीद-फरोख्त, कांग्रेस ने की अदालत के हस्तक्षेप की मांग
स्टिंग में भाजपा पर विधायकों के खरीद-फरोख्त, कांग्रेस ने की अदालत के हस्तक्षेप की मांग
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक स्टिंग आपरेशन के आधार पर दिल्ली में सरकार बनाने के लिए भाजपा पर उनके विधायक को खरीदने का आरोप लगाया है। आप ने सोमवार को एक वीडियो जारी किया है, जिसमें भाजपा नेताओं को कथित तौर पर आप विधायक दिनेश मोहनिया को दिल्ली में सरकार बनाने की कोशिश के तहत बड़े पद व धन की पेशकश करते हुए दिखाया गया है। उधर विधायकों के खरीद-फरोख्त के आरोपों को झेल रही भारतीय जनता पार्टी ने स्टिंग में फँसे अपने राज्य उपाध्यक्ष की राजनैतिक बलि लेने की तैयारी प्रारंभ कर दी है।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष शेर सिंह डागर ने संगम विहार के विधायक दिनेश मोहनिया को खरीदने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता डागर ने उनको विधायक पद से इस्तीफा देने के लिए चार करोड़ रूपए की पेशकश की है। आप ने इस पूरे घटनाक्रम का स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा किया है।
दरअसल उपराज्यपाल नजीब जंग ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर सबसे बड़े दल को दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने के लिए अनुमति मांगी है। इस पर भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा था कि अगर आधिकारिक तौर पर उनको सरकार बनाने का निमंत्रण मिलता है तो वह जरूर बनाएंगे।
इसको लेकर भाजपा की सर्वत्र आलोचना हो रही है। आप समेत सभी विरोध दल इसे अनैतिक रूप से सरकार बनाने की भाजपा की कोशिश करार दे रहे हैं। आरोप लग रहे हैं कि भाजपा नए सिरे से चुनाव में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही क्योंकि उसे बास हो गया है कि मोदी लहर खत्म हो चुकी है और चुनाव में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ सकता है। इन आरोपों को और अधिक बल तब मिला जब भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने स्वयं माना कि मोदी लहर का असर समाप्त हो चुका है।
आप के इस स्टिंग के जवाब में भाजपा भी प्रेस कांफ्रेंस करके अपना पक्ष रखेगी। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि आप केवल आरोप लगाने में विश्वास करती है। डागर स्वयं अपना पक्ष रखेंगे।
भाजपा ने कहा कि दिनेश मोहनिया खुद आप के नेतृत्व से नाराज था। उसने स्वयं भाजपा से संपर्क किया था। शेर सिंह डागर इसके लिए जिम्मेदार नहीं हैं। हालांकि अब भाजपा ने प्रेस कांफ्रेंस करने से इनकार कर दिया है। वह अब डागर का बचाव नहीं करेगी।
उधर कांग्रेस ने दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में सर्वोच्च न्यायालय से हस्तक्षेप की अपील की है। पार्टी ने न्यायालय से इस मामले में संज्ञान लेने और दिल्ली में नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश देने की अपील की। कांग्रेस के नेता अजय माकन ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, "यह मामला सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष है। न्यायालय ने सरकार से जवाब मांगा है कि वह दिल्ली में नए सिरे से सरकार बनाने जा रही है या किसी पार्टी को यहां सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने वाली है।"
माकन ने कहा, "यदि भाजपा कहती है कि वह सरकार बनाने के लिए तैयार है तो न्यायालय को ऐसी रिपोर्ट पर संज्ञान लेना चाहिए, जिसके मुताबिक पार्टी अन्य दलों के विधायकों की खरीद-फरोख्त में जुटी है।" माकन ने कहा, "वीडियो में शेर सिंह डागर फोन पर पार्टी के किसी वरिष्ठ सदस्य से बात कर रहे हैं। हम पार्टी हाईकमान में उस व्यक्ति के बारे में जानना चाहते हैं।"
इस बीच, एक अन्य कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने आप पर कांग्रेस विधायकों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक समाचार चैनल से कहा, "भाजपा बेनकाब हो गई है, लेकिन मैं आप सदस्यों से पूछना चाहता हूं कि वे कांग्रेस विधायकों के पीछे क्यों पड़े हैं? कुछ दिनों पहले वे कांग्रेस विधायकों से अनुरोध कर रहे थे। अरविंद केजरीवाल सत्ता में आने के लिए बेचैन हैं।" गौरतलब है कि 14 फरवरी को अरविंद केजरीवाल के दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से यहां राष्ट्रपति शासन लागू है।
-0-0-0-0-0-0-0-0-0-
Aap exposes on bjp horsetrading, Aap sting operation, Sting operation of bjp leader dagar, Arvind kejriwal, aap exposes on bjp horsetrading in sting operation, दिनेश मोहनिया, आप पर कानूनी कार्रवाई की धमकी, अरविंद केजरीवाल, सबसे बड़े दल को दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने के लिए अनुमति, दिल्ली में सरकार गठन के लिए जोड़-तोड़, अरविंद केजरीवाल सत्ता में आने के लिए बेचैन, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, भाजपा बेनकाब, विधायकों की खरीद-फरोख्त,


