हत्यारी नोटबंदी की भॆंट एक और बलि, बैंक के बाहर कतार में लगे बुजुर्ग किसान की मृत्यु
नई दिल्ली, 14दिसंबर। हत्यारी नोटबंदी की भॆंट एक और बलि चढ़ गई है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बैंक के बाहर कतार में लगे बुजुर्ग की मृत्यु हो गई। नोटबंदी के बाद मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में बैंकों के बाहर लोगों की लंबी कतारें पहले की ही तरह बरकरार हैं।

प्रतिष्ठित समाचारपत्र देशबन्धु में प्रकाशित खबर के अनुसार शिवपुरी जिले के खनियाधाना क्षेत्र में बुधवार को एक बैंक के बाहर कतार में लगे बुजुर्ग की तबियत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह गूडर निवासी कमला वंशकार (65) अपने बेटे के साथ चार हजार रुपये बैंक से निकलवाने आए थे। उनकी तबियत बिगड़ी और वह चक्कर खाकर गिर पड़े। बाद में उनकी मौत हो गई।

कमला वंशकार के बेटे महेंद्र ने संवाददाताओं को बताया कि उसके पिता की तबियत खराब चल रही थी। उन्हें उपचार के लिए रकम की जरूरत थी, उसी के लिए वह बैंक आए थे, मगर उनकी तबियत और बिगड़ गई तथा मौत हो गई।

बताया गया है कि कमला वंशकार गूडर निवासी किसान थे। उनकी माली हालत ठीक नहीं थी और उन्हें रकम की जरूरत थी। बैंक से रकम निकालने की जद्दोजहद में बुधवार को उनकी जान चली गई।