15 जून तक कर सकेंगे आवेदन
वर्धा दि. 08 मई 2014 : महात्‍मा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हिंदी विश्‍वविद्यालय में विभिन्‍न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया आरंभ हुई है। विश्‍वविद्यालय ने इस वर्ष एम.ए., एम.फिल. और पीएच.डी के अलावा शिक्षाशास्‍त्र में एम.ए. और मनोविज्ञान में एम.फिल. जैसे नये पाठ्यक्रम शुरू किए हैं।
विश्‍वविद्यालय के कुलपति प्रो. गिरीश्‍वर मिश्र के अनुसार वर्तमानकाल की आवश्‍यकताओं को ध्‍यान में रखते हुए विश्‍वविद्यालय प्रासंगिक क्षेत्रों में उच्‍च अध्‍ययन और शोध के लिए सतत प्रयास कर रहा है। विश्‍वविद्यालय आधुनिक तकनीकी सुविधाओं, आवास व्‍यवस्‍था, पुस्‍तकालय आदि से सुसज्ज‍ित है। मीडि़या और वैश्विकरण के युग में आए परिवर्तनों को ध्‍यान में रखते हुए विश्‍वविद्यालय में कम्‍प्‍यूटर, विदेशी भाषा, संचार, साहित्‍य और फिल्‍म तथा थियेटर जैसे अनुशासनों में अध्‍ययन एवं अध्‍यापन किया जा रहा है। वहीं दलित तथा जनजाति अध्‍ययन, स्‍त्री अध्‍ययन, मानवविज्ञान, डायस्‍पोरा, अहिंसा एवं शांति, मनोविज्ञान, फॉरेंसिक साइंस तथा बौद्ध अध्‍ययन आदि महत्‍वपूर्ण विषयों पर हिंदी माध्‍यम से पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं जो छात्रों के लिए रोजगार की संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। विश्‍वविद्यालय में इस वर्ष से शिक्षा में एम.ए. का पाठ्यक्रम आरंभ हो रहा है। उन्‍होंने आशा व्‍यक्‍त की कि इन पाठ्यक्रमों के माध्‍यम से छात्रों को रोजगार उपलब्‍ध हो सकेगा साथ ही कौशलयुक्‍त मनुष्‍य बनने की दिशा में वे आगे बढ़ सकेंगे।
विश्‍वविद्यालय में विभिन्‍न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ हुआ है और प्रवेश की अंतिम तिथि 15 जून तक है। विश्‍वविद्यालय में एम.ए., एम.फिल. और पीएच.डी के साथ विभिन्‍न विषयों में पी.जी. डिप्‍लोमा, डिप्‍लोमा, एडवांस्‍ड डिप्‍लोमा की भी पढ़ाई हो रही है। यहां मराठी, उर्दू, संस्‍कृत, स्‍पेनिश, जापानी, चीनी, अंग्रेजी और फ्रेंच आदि भाषाएं पढ़ाई जाती है। विश्‍वविद्यालय के दो केंद्रो इलाहाबाद तथा कोलकाता में भी एम.फिल., पी.जी. डिप्‍लोमा और डिप्‍लोमा पाठ्यक्रम पढ़ाए जा रहे हैं। प्रवेश के लिए ऑनलाईन फॉर्म भरे जा सकते है, जो विश्‍वविद्यालय की वेबसाईट www.hindivishwa.org पर उपलब्‍ध्‍ा हैं। अधिक जानकारी के लिए फोन नं. 07152-251661 पर संपर्क किया जा सकता है।