एम.बी.ए., बी.बी.ए., पत्रकारिता, डी.बी.एम. एवं बी.लिब. की हिंदी माध्‍यम से होगी पढ़ाई
वर्धा 08 जुलाई। महात्‍मा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हिंदी विश्‍वविद्यालय में नियमित पाठ्यक्रमों के साथ-साथ दूर शिक्षा निदेशालय के माध्‍यम से एम.बी.ए., बी.बी.ए., पत्रकारिता, डी.बी.एम. एवं बी.लिब. जैसे पाठ्यक्रम दूर शिक्षा के द्वारा पढ़ाए जायेंगे। विश्‍वविद्यालय ने 2014-15 शैक्षणिक सत्र में ऐसे लगभग 11 पाठ्यक्रम शुरू किए हैं जिसके माध्‍यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा मिलेगी तथा वे एल.आई.सी., बैंक, शिक्षा, आई.पी.सी.एल., एच.पी.सी.एल., बिजली बोर्ड, सरकारी तथा गैर-सरकारी संगठन आदि में रोजगार पा सकेंगे।

विश्‍वविद्यालय के कुलपति प्रो. गिरीश्‍वर मिश्र ने कहा कि विश्‍वविद्यालय में शिक्षा का मूल प्रयोजन समाज को दिशा देना और युवाशक्ति को सकारात्‍मक और सर्जनशील ढंग से उर्जस्वित करना है। यह विश्‍वविद्यालय ज्ञान की अनेकानेक विधाओं में विशेषत: वर्तमान काल की आवश्‍यकताओं के लिए प्रासंगिक क्षेत्रों में उच्‍च अध्‍ययन और शोध के लिए सतत प्रयास कर रहा है। इसी दिशा में शिक्षा के लोकतांत्रिकरण हेतु विश्‍वविद्यालय में 2007 में दूर शिक्षा निदेशालय की स्‍थापना की गई। उन्‍होंने कहा कि दूर शिक्षा के पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल रोजगार के अवसर उपलब्‍ध करायेंगे बल्कि उन्‍हें कौशलयुक्‍त मनुष्‍य बनने के लिए भी प्रेरित करेंगे।

दूर शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. मनोज कुमार का कहना है कि दूर शिक्षा निदेशालय सभी पाठ्यक्रमों को हिंदी माध्‍यम से संचालित करता है। विद्यार्थियों के तकनीकी और गुणवत्‍ता पूर्ण शिक्षा के लिए निदेशालय प्रयासरत है। हिंदी माध्‍यम से प्रबंधन पाठ्यक्रमों के अध्‍ययन का यह एक मात्र केंद्र है। उन्‍होंने कहा कि दूर शिक्षा के माध्‍यम से ज्ञान के नवीनतम अनुशासनों की शिक्षा समाज के हर तबके तक पहुंचाने के लिए हम प्रयासरत है।

विश्‍वविद्यालय में दूर शिक्षा के माध्‍यम से व्‍यवसाय प्रशासन, समाजकार्य, पत्रकारिता एवं जनसंचार, पुस्‍तकालय एवं सूचना विज्ञान, इलेक्‍ट्रॉनिक मीडिया प्रबंधन एवं फिल्‍म प्रोडक्‍शन आदि विषयों में स्‍नातकोत्‍तर, स्‍नातक तथा डिप्‍लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए गये हैं। इन पाठ्यक्रमों में 12वीं से लेकर स्‍नातक उपाधि प्राप्‍त विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं। इन पाठ्यक्रमों में आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जुलाई से 15 सितंबर 2014 तक रखी गई है। आवेदन विश्‍वविद्यालय के वेबसाईट www.hindivishwa.org पर ऑनलाईन भी किए जा सकते हैं। पाठ्यक्रमों के बारे में अधिक जानकारी के लिए फोन नं. 07152-255360/247146/251613 पर संपर्क कर सकते हैं।